Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

असम: नगांव लोकसभा उपचुनाव में भाजपा के देवाशीष शर्मा 43,418 से अधिक मतों से आगे

गुवाहाटी, नौ अक्टूबर (भाषा) असम की नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शुक्रवार को मतगणना के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देवाशीष शर्मा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल से 43,418 से अधिक मतों से आगे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पूर्व आईएएस अधिकारी शर्मा को 92,345 वोट मिले, जबकि अजमल को 48,927 और कांग्रेस उम्मीदवार शिवमोनी बोरा को 12,982 वोट मिले।

अधिकारियों ने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई।

मतगणना की प्रक्रिया डाक मतपत्रों से शुरू हुई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती की गई।

मतगणना दो केंद्रों डॉसन उच्चतर माध्यमिक स्कूल और नगांव राजकीय बाल विद्यालय में की जा रही है, जहां प्रत्येक केंद्र पर 14-14 मेज लगाई गई हैं।

दोनों केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, और सभी उम्मीदवारों तथा राजनीतिक दलों को किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने से पहले जिला प्रशासन से अनुमति लेने के निर्देश दिए गए हैं।

इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला शर्मा, बोरा और अजमल के बीच है। कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

छह अक्टूबर को हुए उपचुनाव में 76.19 प्रतिशत मतदान हुआ था। यह उपचुनाव कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफा देने के बाद आवश्यक हो गया था। बोरदोलोई ने इस साल की शुरुआत में भाजपा के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी।

भाषा शोभना वैभव

वैभव