Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

एच-1बी के 80 प्रतिशत आवेदन मौजूदा कर्मचारियों के लिए हैं: माइक्रोसॉफ्ट

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, नौ अक्टूबर (भाषा) माइक्रोसॉफ्ट ने कहा है कि पिछले वित्त वर्ष में एच-1बी वीजा के लिए उसके द्वारा दाखिल किए गए लगभग 6,000 आवेदनों में से 80 प्रतिशत मौजूदा कर्मचारियों के वीजा की अवधि बढ़ाने या उनकी स्थिति में बदलाव के लिए थे न कि नए लोगों को नौकरी पर रखने के लिए।

उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस ने कंपनी पर व्यवस्था का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए उसे विदेशी श्रमिकों के लिए ग्रीन कार्ड आवेदन करने के एक कार्यक्रम से निलंबित कर दिया था जिसके बाद बृहस्पतिवार को माइक्रोसॉफ्ट का यह बयान आया।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, ‘‘हम अमेरिकी कार्यबल की ताकत और प्रतिभा पर भरोसा करते हैं। यही कारण है कि अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट के अधिकतर कर्मचारी अमेरिकी हैं। हम प्रशासन को अतिरिक्त जानकारी प्रदान करने के लिए तैयार हैं।’’

कंपनी ने कहा, ‘‘उदाहरण के लिए पिछले वित्त वर्ष में एच-1बी वीजा के लिए दाखिल किए गए लगभग 6,000 आवेदनों में से 80 प्रतिशत माइक्रोसॉफ्ट के मौजूदा कर्मचारियों की वीजा अवधि बढ़ाने या उनकी स्थिति में बदलाव के लिए थे। ये आवेदन नए लोगों को नौकरी पर रखने के लिए नहीं थे।’’

नए कर्मचारियों के लिए किए गए शेष आवेदन उन लोगों के लिए थे जो पहले से ही कानूनी रूप से अमेरिका में रह रहे थे और जिन्होंने कंपनी के लिए काम करने का फैसला किया। ऐसे लोग अमेरिकी कार्यबल का केवल एक प्रतिशत हिस्सा ही हैं।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, ‘‘वे हमारे देश में आने वाले नए लोग नहीं हैं।’’

कंपनी ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट एच-1बी वीजा के लिए केवल उन्हीं लोगों के आवेदन दाखिल करती है, जो इस वीजा श्रेणी के कड़े मानकों पर खरे उतरते हैं।

माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, ‘‘हम अपने कर्मचारियों को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सबसे अधिक वेतन देने वालों में से हैं और एच-1बी आवेदनों में भी सबसे अधिक वेतनमान देने वाली कंपनियों में हम हैं। हम अपने एच-1बी कर्मचारियों को भी उतना ही भुगतान करते हैं जितना कि समान काम करने वाले किसी अन्य कर्मचारी को दिया जाता है।’’

कंपनी ने कहा, ‘‘माइक्रोसॉफ्ट दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टेक्नोलॉजी कार्यबल को विकसित करके एक वैश्विक टेक्नोलॉजी लीडर के रूप में सफल हुआ है। हम देश में प्रतिभाओं को तैयार करने की व्यवस्था मजबूत करके, अमेरिकी कर्मचारियों को नौकरी देकर और दुनिया भर से सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को आकर्षित करके ऐसा करते हैं।’’

यह निलंबन श्रम विभाग के ‘परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम’ पर लागू होता है जिसे किसी विदेशी कर्मचारी के लिए अमेरिका में रहने और काम करने के लिए स्थायी निवास या ग्रीन कार्ड प्राप्त करने का पहला कदम माना जाता है।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव