ऑकलैंड, नौ अक्टूबर (भाषा) भारत में जन्में न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास ले लिया है।
अहमदाबाद के विद्यानगर स्कूल में पार्थिव पटेल के सलामी जोड़ीदार रहे रावल किशोरावस्था में न्यूजीलैंड चले गए थे।
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 24 टेस्ट मैच खेलने वाले 38 वर्षीय रावल ने नार्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन से कहा, ‘‘मैंने पूरे सम्मान के साथ यह फैसला किया है। मुझे शांति और बहुत संतुष्टि महसूस हो रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बचपन का सपना निश्चित रूप से न्यूजीलैंड की तरफ से खेलना था। यह केवल मेरा सपना ही नहीं था बल्कि मेरे पिता का भी सपना था। हमें मौका दिखा और वह परिवार के साथ न्यूजीलैंड आ गए ताकि मैं अपना सपना पूरा कर सकूं।’’
रावल ने न्यूजीलैंड की तरफ से 24 टेस्ट मैच में 30.07 की औसत से 1143 रन बनाए जिसमें एक शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 24 शतक और 50 अर्धशतकों की मदद से 10432 रन बनाए।
रावल ने न्यूजीलैंड की तरफ से पाकिस्तान के खिलाफ नवंबर 2016 में क्राइस्टचर्च में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में जनवरी 2020 में खेला था।
भाषा
पंत
पंत