Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

एटा डेयरी में देर रात छापेमारी में 10 क्विंटल मिलावटी पनीर जब्त

एटा (उप्र), नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा विभाग की लखनऊ और एटा की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार देर रात निधौली रोड स्थित एक डेयरी पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में मिलावट के संदेह वाला पनीर, देसी घी, खोया और अन्य खाद्य सामग्री जब्त की। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

लखनऊ और एटा के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने स्थानीय थाने के कर्मियों की मौजूदगी में बृहस्पतिवार देर रात सपना डेयरी पर छापेमारी की।

सहायक आयुक्त (खाद्य) विजय वर्मा ने बताया कि विभाग को जिले में बड़ी मात्रा में मिलावट के संदेह वाला पनीर, खोया और देसी घी की बिक्री की सूचना मिली थी।

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर टीम ने डेयरी पर छापा मारकर करीब 10 क्विंटल पनीर, एक क्विंटल घी, 40 किलोग्राम क्रीम और आठ क्विंटल सोयाबीन के अलावा स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी), सोयाबीन तेल, रिफाइंड तेल और पाम तेल सहित अन्य सामग्री बरामद की।

अधिकारियों ने बताया कि टीम ने संदिग्ध मिलावटी खाद्य उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

उन्होंने बताया कि जब्त की गई सामग्री को जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढा खोदकर उसमें दबाकर नष्ट कर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि विभाग कोतवाली देहात थाने में डेयरी संचालक दलबीर सिंह यादव और दो अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है।

उन्होंने कहा कि नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं जफर सिम्मी सुरभि

सुरभि