Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

अमेरिकी सांसद कृष्णमूर्ति ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, नौ अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने फ्लाईदुबई के विमान में सवार 172 यात्रियों की जान बचाने के लिए असाधारण वीरता दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की सराहना करते हुए शुक्रवार को उनके सम्मान में अमेरिकी संसद में एक बयान दर्ज कराया।

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या एफजेड1073 के कॉकपिट में 30 सितंबर को सह-पायलट ने कैप्टन मच्छार पर हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

गंभीर चोटों के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे यात्रियों को हमलावर पर काबू पाने में मदद मिली।

इलिनोइस से डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद कृष्णमूर्ति ने ‘‘अमेरिकी संसद के आधिकारिक रिकॉर्ड’’ में इस संबंध में एक बयान दर्ज कराया।

कृष्णमूर्ति ने कहा कि सह-पायलट ने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने के लिए हमला किया, लेकिन कैप्टन मच्छार की सूझबूझ और साहस ने करीब 170 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की जान बचा ली।

उन्होंने कहा कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की इस उड़ान में सवार लोगों में चार अमेरिकी नागरिक और 27 बच्चे भी शामिल थे।

कृष्णमूर्ति ने कहा, ‘‘मैं आज भारत के कैप्टन स्मित मच्छर को सम्मानित करने के लिए खड़ा हुआ हूं। एक पति, पिता और 17 वर्ष के उड़ान अनुभव वाले इस जांबाज पायलट ने 30 सितंबर 2026 को असाधारण वीरता का परिचय देकर फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या 1073 में सवार लोगों की जान बचाई। इनमें चार अमेरिकी नागरिक और 27 बच्चे भी शामिल थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘घायल होने के बावजूद अपने लंबे अनुभव के बल पर वह समझ गए कि विमान नीचे गिर रहा है। उन्होंने पूरी ताकत लगाकर कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। उनकी त्वरित सूझबूझ और साहस की बदौलत यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हमलावर पर काबू पाने तथा एक भयानक हादसे को टालने में मदद मिली।’’

अमेरिकी सांसद ने कहा, ‘‘...मैं अपने साथी सांसदों से आग्रह करता हूं कि वे मेरे साथ मिलकर कैप्टन स्मित मच्छार को सम्मानित करें। उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देकर सैकड़ों लोगों की जान बचाई। हम उन्हें, उनकी पत्नी सोनल, उनके बच्चों और पूरे परिवार को शुभकामनाएं देते हैं तथा कैप्टन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी