ऑकलैंड, नौ अक्टूबर (भाषा) न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन और जैक फाउल्क्स चोटिल होने के कारण भारत के खिलाफ 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
बाएं हाथ के बल्लेबाज चैपमैन पिछले महीने यूरोपीय टी20 लीग के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके बाएं पांव की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और वह अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। तेज गेंदबाज फाउल्क्स के दाहिने कूल्हे में हाल ही में कैंटरबरी में अभ्यास सत्र के दौरान चोट लग गई थी।
चैपमैन ने अब तक 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। यह 32 वर्षीय बल्लेबाज भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी कर सकता है लेकिन फाउल्क्स की वापसी की कोई निश्चित समयसीमा नहीं है।
ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन और तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर को इन दोनों खिलाड़ियों के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने स्वीकार किया कि टी20 सीरीज से पहले दो प्रमुख खिलाड़ियों का चोटिल होना टीम के लिए बड़ा झटका है।
वॉल्टर ने कहा, ‘‘मार्क और ज़ैक के लिए मुझे बहुत दुख है और मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हमें खुशी है कि हम जोश और ब्लेयर की विशेषज्ञता का फायदा उठा सकते हैं। यह दोनों खिलाड़ी इस सीरीज में खेलने के लिए बेहद उत्साहित हैं।’’
टी20 सीरीज का आखिरी मैच एक नवंबर को हैमिल्टन में खेला जाएगा।
भारत के खिलाफ सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टी20 टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रैसवेल, जोश क्लार्कसन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर।
भाषा
पंत
पंत