गुरुग्राम, आठ अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने एक मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में मूक-बधिर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह आरोपी अदनान खान के संपर्क में इंस्टाग्राम के जरिए आई थी। इसके बाद दोनों की मुलाकात कुछ समय पहले लखनऊ में आयोजित मूक-बधिर व्यक्तियों के एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी।
आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला को गुरुग्राम बुलाया, जिसके बाद वह 14 फरवरी को शहर पहुंची।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी उसे अपने कमरे पर ले गया और कथित तौर पर शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद उसने महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने शुरुआत में लखनऊ के हजरतगंज थाने में शून्य प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
चूंकि घटना स्थल गुरुग्राम में था, इसलिए मामले को स्थानांतरित कर सेक्टर 17/18 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को सेक्टर 18 से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी 29 वर्षीय अदनान खान को शहर की अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा सुमित शफीक
शफीक