नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) सरकार ने बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों को सलाह दी है कि मौजूदा प्रदर्शनों से संबंधित गैरकानूनी सामग्री के संबंध में कानून प्रवर्तन एजेंसियों समेत अधिकृत निकायों से मिली शिकायतों पर कार्रवाई को प्राथमिकता दें। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंचों को एक परामर्श जारी किया है, जिसमें जारी प्रदर्शनों के संबंध में कुछ ऐसी सूचनाओं के ऑनलाइन प्रसार पर चिंता जताई गई है, जो झूठी, भ्रामक, छेड़छाड़ की गई या संदर्भ से बाहर हैं।
सूत्रों के अनुसार, सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आशंका जताई है कि ऐसी गैरकानूनी सामग्री सार्वजनिक व्यवस्था और सामाजिक शांति को प्रभावित कर सकती है, कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताएं पैदा कर सकती है तथा हिंसा भड़का सकती है।
एक अधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘मंत्रालय ने बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों को ऐसी गैरकानूनी सामग्री की पहचान करने और अधिकृत सरकारी निकायों से मिली शिकायतों के आधार पर कार्रवाई को प्राथमिकता देने की सलाह दी है।’’
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश