नोएडा (उप्र), आठ अक्टूबर (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में हत्या के एक मामले में आरोपी 40 वर्षीय व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार ने बताया कि यह घटना बुधवार रात जेवर थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर कस्बे में हुई।
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान इमरान के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इमरान को 2021 में दर्ज हत्या के एक मामले में जेल भेजा गया था। इमरान करीब दो साल से जमानत पर बाहर था और उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज थे।
पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर जेवर थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश