गुरुग्राम, आठ अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में ताऊ देवीलाल स्टेडियम में वीआईपी (अति विशिष्ट व्यक्ति) लोगों को लाने ले-जाने वाला एक हेलीकॉप्टर खड़ा होने के कारण तीन दिन के लिए स्थगित की गई ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को आयोजित की गई। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
जिला शिक्षा विभाग द्वारा यह खेल प्रतियोगिता पहले पांच अक्टूबर को स्टेडियम में आयोजित की जानी थी।
हरियाणा खेल विभाग के उप निदेशक राम मेहर सिंह ने बताया कि ताऊ देवीलाल खेल परिसर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलीकॉप्टर खड़ा था, जिसे अब वहां से हटा लिया गया है।
सिंह ने कहा, 'सुरक्षा कारणों से एथलेटिक ट्रैक (धावकों के दौड़ने का पथ) को बंद कर दिया गया था। अब हेलीकॉप्टर हटा दिया गया है और ट्रैक को दोबारा खोल दिया गया है।'
वहीं, खिलाड़ियों का दावा है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है।
खिलाड़ियों के अनुसार, एक से दो अक्टूबर तक मैदान में एक वीआईपी हेलीकॉप्टर खड़ा था। इसके बाद पांच से सात अक्टूबर तक दूसरा वीआईपी हेलीकॉप्टर वहां खड़ा था।
सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले भी लोगों ने सोशल मीडिया पर यह मुद्दा उठाया था, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश