Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

लखनऊ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी, जल निकासी के लिए 26 पंपिंग सेट लगाए

लखनऊ, आठ अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बाढ़ प्रभावित नागरिकों को राहत और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। एक आधिकारिक बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ में जल निकासी के लिए 26 पंपिंग सेट लगाए गए हैं, जिससे बृहस्पतिवार शाम पांच बजे तक जलभराव की स्थिति में काफी सुधार दर्ज किया गया।

बयान के अनुसार, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

खर्कवाल ने जोन-3 के लोहरामऊ, फैजुल्लागंज, दाउदनगर और मिल्लत नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा जोन-6 के हयातनगर, सेहठा गांव और गुल्मी खेड़ा में नाव के माध्यम से पहुंचकर प्रभावित नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।

इस दौरान महापौर ने प्रभावित लोगों को भोजन के पैकेट, पेयजल और आवश्यक दवाएं वितरित कीं। साथ ही अधिकारियों को राहत सामग्री की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

प्रशासनिक अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दाऊद नगर, मामा कॉलोनी और लोहरामऊ में लगभग 800 भोजन के पैकेट वितरित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रभावित बस्तियों एवं गलियों में दिन के दोनों पहरों में 1450 से अधिक भोजन के पैकेट वितरित किए गए।

बयान में दावा किया गया है कि लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से इकाना स्टेडियम, ‘प्लासियो मॉल’ और आसपास के क्षेत्रों में हुए जलभराव से निपटने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने राहत अभियान तेज कर दिया है।

भाषा आनन्द शफीक

शफीक