लखनऊ, आठ अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश में मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 14,612 ग्राम पंचायतों का ‘सोशल ऑडिट’ सम्पन्न कराया जा चुका है, जिनमें 9,642 ग्राम पंचायतों का सोशल ऑडिट ‘पंचायत निर्णय’ ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में सम्पन्न कराया गया है। बृहस्पतिवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया कि वर्तमान में मनरेगा योजना के साथ-साथ राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) का भी सोशल ऑडिट कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त समग्र शिक्षा योजना का सोशल ऑडिट भी शीघ्र प्रारम्भ किया जाएगा।
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में सोशल ऑडिट संगठन के शासी निकाय की 12वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोशल ऑडिट की प्रगति तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं को सोशल ऑडिट के दायरे में लाए जाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य सचिव ने सोशल ऑडिट को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसकी गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए।
भाषा आनन्द शफीक
शफीक