पारादीप (ओडिशा), आठ अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक घर में हुए धमाके में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस बात की जांच की जा रही है कि विस्फोट पटाखों के कारण हुआ या रसोई गैस सिलिंडर फटने से।
यह घटना तिरतोल पुलिस थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में हुई। मृतक की पहचान मनोरंजन स्वैन (50) और सौम्य साहिल (22) के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि स्वैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौम्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
घायलों की पहचान सुभलक्ष्मी स्वैन, भाग्यलक्ष्मी स्वैन और राहुल राज महंत के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि मयूरभंज जिले के रहने वाले स्कूल शिक्षक महंत विस्फोट के समय स्वैन के घर दोपहर का भोजन करने गए थे।
तिरतोल के उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अजय कुमार दास ने कहा, 'घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो महिलाओं सहित तीन अन्य घायल हो गए।'
दास ने बताया कि विस्फोट स्थल से कुछ रसोई गैस सिलिंडर भी मिले हैं, जिससे धमाके के सटीक कारण का पता लगाना मुश्किल हो रहा है।
दास ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि स्वैन के घर में बड़ी मात्रा में पटाखे थे। स्वैन इलाके में शादी-समारोहों के लिए पटाखे और संगीत उपकरण मुहैया कराता था।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश