Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

बुनियादी ढांचा से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए : गुजरात के मुख्यमंत्री

गांधीनगर, आठ अक्टूबर (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बृहस्पतिवार को कहा कि बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और सड़क एवं भवन विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि परियोजनाएं तय मानकों के अनुरूप हों।

गांधीनगर में राज्य के सड़क एवं भवन विभाग के दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि अनजाने में हुई गलती को सुधारा जा सकता है लेकिन जानबूझकर की गई गलती को माफ नहीं किया जा सकता।

पटेल ने कहा, ‘‘लोग सड़कों, पुलों और संपर्क से जुड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से जुड़े अच्छे काम की हमेशा सराहना करते हैं, जिसका सीधा असर जनता पर पड़ता है। इसके अलावा, किसी भी तरह की कमी की तुरंत आलोचना होती है। इसलिए, इस विभाग के लिए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि परियोजनाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।’’

मुख्यमंत्री ने सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि निविदा प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि काम मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के अनुरूप हो और उसे समय पर पूरा किया जाए।

भाषा प्रचेता शफीक

शफीक