केप केनवरल (अमेरिका), आठ अक्टूबर (एपी) चार अंतरिक्ष यात्री बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से आठ महीने बाद पृथ्वी पर लौट आए।
वे आठ महीने पहले एक बीमार सहकर्मी और उनके दल की जगह लेने के लिए वहां पहुंचे थे।
‘स्पेसएक्स’ ने अमेरिका, फ्रांस और रूस के अंतरिक्ष यात्रियों को लॉस एंजिलिस के तट से दूर प्रशांत महासागर में उतारकर पृथ्वी पर वापस पहुंचाया।
नासा के जेसिका मीर और जैक हैथवे, फ्रांस की सोफी एडेनोट तथा रूस के आंद्रेई फेड्यायेव बुधवार को अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना हुए थे। वे लंबे समय से परिवार से दूर रहने के बाद उनसे फिर मिलने के लिए उत्सुक थे।
कैप्सूल (अंतरिक्ष यान) की मरम्मत के कारण उनकी जगह लेने वाले अंतरिक्ष यात्री तीन सप्ताह की देरी से पहुंचे, जिससे इस दल की पृथ्वी पर वापसी टल गई थी।
मीर और उनके दल ने फरवरी में पृथ्वी से उड़ान भरी थी, ताकि अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के उन चार सदस्यों की जगह ले सकें, जिन्हें समय से पहले पृथ्वी पर वापस भेज दिया गया था। इनमें से एक, नासा के अंतरिक्ष यात्री माइक फिंके, बीमार हो गये थे। यह 65 वर्षों के मानव अंतरिक्ष उड़ान इतिहास में नासा का पहला चिकित्सकीय निकासी अभियान था।
दो महीने बाद इस नए चार सदस्यीय दल ने गर्व के साथ आर्टेमिस-2 के अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा के चारों ओर उड़ान भरते देखा। उन्होंने वहीं अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ भी मनाई। इस दौरान मीर ने अपनी पिकोलो के साथ बोस्टन पॉप्स के साथ जुड़कर चार जुलाई के संगीत कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मीर ने चार बार अंतरिक्ष में चहलकदमी की, जबकि एडेनोट 28 साल पुराने अंतरिक्ष स्टेशन के रखरखाव और उन्नयन के लिए तीन बार बाहर निकलीं।
एपी
देवेंद्र पवनेश
पवनेश