कोटा (राजस्थान), आठ अक्टूबर (भाषा) राजस्थान टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आरटीयू) का 19 वर्षीय एक छात्र बृहस्पतिवार सुबह छात्रावास के अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। घटना के बाद परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और नाराज छात्रों ने मुख्य वार्डन को हटाने तथा मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
मृतक छात्र की पहचान जयपुर के झोटवाड़ा निवासी और आईटी के प्रथम वर्ष के छात्र अक्षित शर्मा के रूप में हुई है।
परिसर के वरिष्ठ छात्रों के अनुसार, सर्पदंश के बाद अक्षित बेहोश हो गया था, लेकिन उसे समय पर उपचार नहीं मिल सका। उन्होंने बताया कि अक्षित भास्कर भवन एच-4 छात्रावास के कमरा नंबर 61 में दो अन्य छात्रों के साथ रहता था।
अक्षित बुधवार को कॉलेज परिसर में एक कार्यक्रम में शामिल हुआ था और रात का खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। बृहस्पतिवार सुबह उसके नहीं जागने पर साथ रहने वाले छात्रों ने मुख्य वार्डन डी. के. यादव को सूचना दी।
यादव के अनुसार, वह और कुलपति 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए और अक्षित को नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने सर्पदंश की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि मौत की वास्तविक वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल सकेगा।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यादव करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचे और अक्षित के हाथ नीले पड़ने के बावजूद जांच के नाम पर एम्बुलेंस को मुख्य द्वार पर करीब 30 मिनट तक रोके रखा गया।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश