Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

नाहरगढ़ अभयारण्य में वनपाल और वनरक्षक 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर, आठ अक्टूबर (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नाहरगढ़ अभयारण्य में तैनात एक वनपाल और एक वनरक्षक को बृहस्पतिवार को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

एसीबी के अनुसार, ‘स्पेशल यूनिट-द्वितीय, जयपुर’ की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए काला महादेव वन चौकी, नाहरगढ़ अभयारण्य में तैनात वनपाल श्याम सिंह को 20 हजार रुपये और वनरक्षक शिवकिशोर को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि आमेर के मावठा में उसके द्वारा की गई वीडियो रिकॉर्डिंग/शूटिंग के संबंध में जमा सुरक्षा राशि वापस दिलाने की एवज में दोनों आरोपी रिश्वत की मांग कर रहे थे।

शिकायत के सत्यापन में सामने आया कि वनपाल श्याम सिंह पहले ही 15 हजार रुपये रिश्वत ले चुका था और इसके बाद और 20 हजार रुपये की मांग कर रहा था। वहीं, वनरक्षक शिवकिशोर 30 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था।

शिकायत के सत्यापन के बाद दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा बाकोलिया

संतोष

संतोष