Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

भारत ने सऊदी अरब में रह रहे नागरिकों के लिए जारी किया परामर्श

दुबई, आठ अक्टूबर (भाषा) भारत ने सऊदी अरब में रह रहे अपने नागरिकों को खाड़ी देश में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के बीच सतर्क रहने, जरूरत पड़ने पर घरों में रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

रियाद में भारतीय दूतावास का यह परामर्श सऊदी अरब और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के बीच हाल ही में बढ़ी दुश्मनी के बीच आई है।

दुतावास ने कहा, 'मौजूदा हालात को देखते हुए, सऊदी अरब में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे सतर्क और सावधान रहें, ज़रूरत पड़ने पर घर के अंदर ही रहें और आधिकारिक माध्यमों से स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।'

साथ ही, भारतीय नागरिकों को सलाह दी गई कि वे मौजूदा घटनाओं से जुड़े वीडियो या समाचारों को दोबारा पोस्ट न करें।

परामर्श के अनुसार, दूतावास, जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास और वीएफएस के जरिए उपलब्ध सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।

पिछले कुछ सप्ताह में हूतियों ने ड्रोन और मिसाइलों से सऊदी सीमा क्षेत्रों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाया है।

सऊदी अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों में अबहा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हमले में दो लोगों की मौत और 28 घायल हुए, जबकि रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हमले में एक व्यक्ति की मौत और आठ घायल हुए। भारत ने इन हमलों की निंदा की है।

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 10 अक्टूबर तक रियाद आने-जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी हैं, जबकि आकासा एयर ने बृहस्पतिवार को अपनी कोच्चि-रियाद और रियाद-कोच्चि सेवाएं रद्द कर दी हैं। कई अन्य उड़ाने भी रद्द की गई है।

भाषा राखी रमण

रमण