Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

ईडी ने केरलम के सहकारी बैंकों से जुड़े 17 परिसरों पर छापे मारे

कोच्चि, आठ अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के अलग-अलग मामलों में केरलम के तीन सहकारी बैंकों से जुड़े 17 परिसरों पर छापेमारी के दौरान दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए तथा दो करोड़ रुपये से अधिक की सावधि जमा (एफडी) और कई बैंक खातों को 'फ्रीज' कर दिया। एजेंसी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

ईडी ने बताया कि बुधवार को धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई कार्रवाई करीब 550 करोड़ रुपये के अपराध से अर्जित धन से जुड़े कथित सहकारी बैंक धोखाधड़ी मामलों की जांच का हिस्सा थी।

एजेंसी के अनुसार, तीन मामलों में 40 अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। अंगमाली की अर्बन को-ऑपरेटिव सोसाइटी से जुड़ी करीब 1.82 करोड़ रुपये की दो एफडी 'फ्रीज' की गईं।

ईडी ने कहा कि जांच में 108 अचल संपत्तियों के आधार पर 65 सदस्यों को करीब 96.74 करोड़ रुपये के 422 ऋण मंजूर किए जाने का पता चला। इनमें 159 ऋणों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं।

मलप्पुरम के तेन्नाला सेवा सहकारी बैंक मामले में पूर्व सचिव के. ए. वासुदेवन मुशाद और उनकी पत्नी की करीब 24.50 लाख रुपये की 20 एफडी और बैंक खातों को 'फ्रीज' कर दिया गया।

त्रिशूर के कुट्टनेल्लूर सेवा सहकारी बैंक मामले में बैंक को 27 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की बात सामने आई। ईडी ने कहा कि 27 मामलों में करीब 550 करोड़ रुपये के अपराध से अर्जित धन और धोखाधड़ी की जांच जारी है।

भाषा राखी पवनेश

पवनेश