कानपुर (उप्र), आठ अक्टूबर (भाषा) कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र में विवाहेत्तर संबंधों को लेकर विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने दो नाबालिग बेटों के सामने पत्नी को कथित तौर पर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी पति और उसके चार अन्य परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पीड़ित महिला आफरीन की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, उसने 10 मई 2010 को मोहम्मद रेहान से शादी की थी।
आफरीन ने आरोप लगाया कि रेहान (38) शुरू में तो उसके साथ अच्छा व्यवहार करता था, लेकिन बाद में आरोपी ने उसके परिवार से पैसे की मांग शुरू कर दी और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।
आफरीन ने पुलिस को बताया कि उसके पिता सैयद अतहर अली ने शुरू में रेहान की पैसों की मांगें पूरी कीं, जबकि पिता की मृत्यु के बाद उसके भाई आरिज ने भी पैसे दिये।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही।
प्राथमिकी के मुताबिक, सात जुलाई को आफरीन ने रेहान को एक शादीशुदा महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा।
आफरीन ने आरोप लगाया कि इसी विवाद को लेकर 12 अगस्त को रात करीब नौ बजे रेहान ने अपने बेटों के सामने तीन तलाक दिया और उसे घर से निकाल दिया।
पुलिस ने रेहान और उसके परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
यह प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 85, 115(2), 351(2) और 352, दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं तथा मुस्लिम महिला (विवाह अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज की गई है।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
कुमार ने कहा कि शुरुआत में इस जोड़े को सुलह-समझौते के लिए भेजा गया था, लेकिन तीन तलाक का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
भाषा सं आनन्द
शफीक
शफीक
शफीक