पटना, आठ अक्टूबर (भाषा) बिहार के मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए लोगों और नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) ऐसे मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्र पाए जाने पर उन्हें प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे।
बयान में कहा गया कि यह प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूरी की जानी है। बीएलओ चिह्नित किए गए पात्र मतदाताओं का विवरण मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा करेंगे।
अभियान पूरा होने के बाद निर्वाचक निबंधन अधिकारी (ईआरओ) बूथवार सूची उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर शिविर लगाए जाएंगे। जरूरत के अनुसार रैन बसेरों में रहने वाले लोगों, श्रमिक बस्तियों, बेघर लोगों और अन्य कमजोर वर्गों के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान की नियमित निगरानी राज्य, जिला और निर्वाचक निबंधन अधिकारी स्तर पर की जाएगी।
भाषा कैलाश
संतोष
संतोष