नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) मध्य प्रदेश के कुलदीप कुमार और तमिलनाडु की आशा इलांगो ने बृहस्पतिवार को यहां 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन क्रमशः पोल वॉल्ट और त्रिकूद स्पर्धा में नए मीट रिकॉर्ड बनाए।
तमिलनाडु की आशा इलांगो ने महिलाओं की त्रिकूद स्पर्धा में एक दशक पुराने मीट रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 13.89 मीटर की दूरी तय की जो 2015 में मयूखा जॉनी के 13.78 मीटर के रिकॉर्ड से बेहतर है। लंबी कूद की विशेषज्ञ शाइली सिंह तीसरे स्थान पर रहीं।
कथित डोपिंग अपराध के कारण एशियाई खेलों से बाहर किए गए अभिषेक पाल 10,000 मीटर में तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें नाडा पैनल ने प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति दी थी क्योंकि मामले का अंतिम फैसला होने तक उन्हें अस्थायी निलंबन नहीं दिया गया था।
इससे पहले पोल वॉल्ट एरिना में 21 वर्षीय कुलदीप कुमार ने 5.30 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक जीता और बेंगलुरु में 2022 में प्रशांत कनहिया द्वारा बनाए गए 5.15 मीटर के पिछले मीट रिकॉर्ड को बेहतर किया।
कुलदीप कुमार ने बार को और ऊंचा किया लेकिन 5.40 मीटर पर तीनों प्रयासों में असफल रहे। एसएससीबी के रीगन जी ने 5.25 मीटर के साथ रजत जीता, जबकि उनके साथी रामबीर ने 5.10 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
दिल्ली के निर्भय चौधरी ने पुरुषों की तार गोला फेंक स्पर्धा में अपना दबदबा कायम रखा। उन्होंने 69.42 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता, लेकिन पिछले महीने दिल्ली में बनाए गए अपने 71.02 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड से चूक गए।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर