Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

आंध्र: नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की, राज्य के विकास से जुड़े प्रमुख मुद्दे उठाए

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और राज्य के विकास से जुड़े कई प्रमुख मुद्दे उठाए।

नायडू ने प्रधानमंत्री को आंध्र प्रदेश की प्रमुख विकास परियोजनाओं, आर्थिक स्थिति तथा कृषि एवं सिंचाई से जुड़े विषयों की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।'

आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नायडू ने सरकार के प्रमुख (मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री) के रूप में 25 वर्ष पूरे करने पर मोदी को बधाई दी। उन्होंने देश सेवा की इस उपलब्धि के लिए उनकी सराहना की और गुजरात के मुख्यमंत्री तथा देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनके नेतृत्व की प्रशंसा की।

सिंचाई के मुद्दे पर नायडू ने 'पोलावरम परियोजना' की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की और गोदावरी व कावेरी नदियों को जोड़ने से होने वाले लाभों का विवरण दिया।

उन्होंने कहा कि गोदावरी-कावेरी नदी जोड़ो परियोजना से दक्षिणी राज्यों - आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक- को पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

नायडू ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकारों के दौरान देश भर में सड़कों के नेटवर्क और 'पावर ग्रिड' (बिजली वितरण का एकीकृत नेटवर्क) का विकास हुआ है। ऐसे में नदी जोड़ो परियोजना को आगे बढ़ाने से देश भर की नदियों और जल स्रोतों को आपस में जोड़ने वाली राष्ट्रीय प्रणाली 'नेशनल वॉटर ग्रिड' के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सकता है।

नायडू ने राज्य की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए भी केंद्र से सहयोग मांगा, जिसमें राजधानी अमरावती में प्रस्तावित 'आउटर रिंग रोड' शामिल है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश