कोलकाता, आठ अक्टूबर (भाषा) नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा उपचुनावों के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू होगी और इन नतीजों से पश्चिम बंगाल के मौजूदा राजनीतिक रुख का अंदाजा मिलने की संभावना है, जहां भाजपा ने 15 साल तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को हटाकर सरकार बनाई है।
मंगलवार को हुए दोनों उपचुनाव भले ही चार महीने पुरानी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर कोई जनमत संग्रह नहीं हैं लेकिन विपक्ष से सत्ता में आने के बाद पार्टी की चुनावी ताकत का आकलन करने और विपक्षी खेमे की स्थिति पर गौर करने के लिए इन परिणामों पर बारीकी से नजर रखी जाएगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के करीब 5.24 लाख मतदाताओं में से लगभग 80 प्रतिशत ने मतदान किया, जिसमें नंदीग्राम में 80.89 प्रतिशत और रेजीनगर में 80.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
हालांकि, मतदान के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, बूथ स्तर पर अनियमितताओं और छिटपुट झड़पों के आरोप लगे।
रेजीनगर में पुलिस के साथ झड़प के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर को गिरफ्तार कर लिया गया वहीं कांग्रेस ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पुनर्मतदान की मांग की।
आयोग ने मतदान को कमोबेश शांतिपूर्ण बताया। उसके शिकायत निगरानी तंत्र पर 37 शिकायतें मिलीं जबकि राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल पर 60 शिकायतें दर्ज की गईं।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश