नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की तैयारी कर रही जियो प्लेटफॉर्म्स हमेशा सबसे किफायती सेवा उपलब्ध कराने के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने पर कायम रहेगी। कंपनी के प्रबंध निदेशक आकाश अंबानी ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रबंध निदेशक एवं रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने ‘इंडिया मोबाइल कांग्रेस’ (आईएमसी) से इतर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “जियो हमेशा बाजार में सबसे किफायती कंपनी होने और उच्च गुणवत्ता वाली सेवाएं तथा पैसे का पूरा मूल्य देने के लिए जानी जाती रही है तथा हम हमेशा इसी के लिए खड़े रहेंगे।”
जियो प्लेटफॉर्म्स के तहत प्रमुख दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो आती है।
अंबानी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब जियो की प्रतिद्वंद्वी भारती एयरटेल ने प्रति ग्राहक औसत आय और मार्जिन बढ़ाने के लिए मोबाइल शुल्क में संशोधन किया है।
देश की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने अपने सभी ‘पोस्टपेड’ प्लान में 50 रुपये की बढ़ोतरी की है। संशोधित प्लान में हर साल एक अंतरराष्ट्रीय रोमिंग की सुविधा मुफ्त दी जाएगी।
नए प्लान आठ अक्टूबर, 2026 से लागू हो गए हैं और मौजूदा ‘पोस्टपेड’ ग्राहकों को एक महीने के भीतर उनके मौजूदा प्लान से सबसे नजदीकी ऊंची राशि वाले प्लान में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
इस तरह ‘पोस्टपेड’ शुल्क में मौजूदा रूप से 50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। प्रतिशत के लिहाज से यह वृद्धि तीन से 11 प्रतिशत के बीच है।
विश्लेषकों का अनुमान है कि दूरसंचार कंपनियां अगले चार-पांच महीनों में शुल्क में 12-15 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकती हैं।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में जियो का प्रति ग्राहक औसत राजस्व (एआरपीयू) सालाना आधार पर 3.3 प्रतिशत बढ़कर 215.6 रुपये हो गया। वहीं, भारती एयरटेल का एआरपीयू 5.6 प्रतिशत बढ़कर 264 रुपये रहा।
जियो के कारोबार के बारे में पूछे जाने पर अंबानी ने कहा कि कंपनी ने यह सुनिश्चित किया है कि वह केवल प्रौद्योगिकी की खरीदार बनकर न रहे, बल्कि प्रौद्योगिकी का निर्माण भी करे।
भाषा यासिर अजय
अजय