लखनऊ, आठ अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को 470 खिलाड़ियों को पुलिस सेवा में नियुक्ति पत्र वितरित करने के दौरान कहा कि ‘जर्सी’ में आप जो परिणाम लाए हैं, ‘वर्दी’ में भी उसी प्रकार की अपेक्षा आपसे सरकार को रहेगी।
मुख्यमंत्री ने यहां लोकभवन में नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आप जर्सी में अपने क्षेत्र में कुशल खिलाड़ी इसलिए हुए, क्योंकि आपने अपने जीवन को अनुशासन में ढाला, टीम भावना के महत्व को समझा, अपनी शक्ति और उसके सामर्थ्य को एक सही दिशा दी। समय की कीमत को पहचाना।’’
योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों, खेलों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश में युवाओं की नौकरी पर एक परिवार का कब्जा था और नौकरी पाने के लिए ‘सैफई या सिफारिश’ की जरूरत पड़ती थी, जबकि आज नियुक्ति में न किसी की सिफारिश चलती है और न पैसा।
उन्होंने सपा के नारे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘पहले ‘प्रदेश डुबाओ एलायंस’ था और अब एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की सरकार है और एनडीए का मतलब है - ‘नौकरी देंगे एलायंस’।”
आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘जब समाजवादी पार्टी युवाओं की नियुक्ति की बात करती है तो हंसी आती है। लगता है जैसे कोई पानी में तैरता मगरमच्छ शांति का उपदेश दे रहा हो। ऐसे मगरमच्छों से सावधान रहना होगा। युवाओं को शराब व सपा से सावधान रहना चाहिए। ये दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं, दोनों ने प्रदेश को बर्बाद किया था।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ सबसे बड़ा ‘ब्रांड एंबेसडर’ कोई बन सकता है तो वह खिलाड़ी है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी से अधिक कोई नहीं समझ सकता कि नशे की क्या कीमत व्यक्ति, परिवार और समाज को चुकानी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि नवनियुक्त 470 खिलाड़ियों में 303 पुरुष और 167 महिलाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं में बढ़ते ‘रील कल्चर’ पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ‘‘आज के युवा घंटों रील में अपना समय बर्बाद कर रहे हैं। रील में लाइक्स मिलते हैं, लेकिन खेल के मैदान में आपको लाइफ मिलती है, एक नई लाइफ। अब उन्हें तय करना है कि केवल लाइक्स चाहिए या जीवन की वास्तविक उपलब्धि। आज की नियुक्ति नए जीवन की शुरुआत है।’’
भाषा आनन्द शफीक
शफीक