भंडारा, आठ अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के भंडारा जिले में बारिश न होने के कारण फसल खराब होने से परेशान 55 वर्षीय एक किसान ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोहाडी तहसील के धोप गांव निवासी राजेंद्र सपाटे ने सुबह आठ से नौ बजे के बीच धान के खेत में बने एक कुएं में छलांग लगा दी।
आंधलगांव पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया, 'अपर्याप्त बारिश के कारण उनकी पूरी धान की फसल बर्बाद हो गई थी। कुएं से शव बरामद कर लिया गया है। मृतक के रिश्तेदारों ने बताया है कि उन्हें मौत को लेकर कोई संदेह नहीं है और वे कोई शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहते हैं।'
उन्होंने बताया कि इस संबंध में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि भंडारा जिले के प्रभारी मंत्री पंकज भोयर ने सूखा स्थिति की समीक्षा करने के लिए तीन अक्टूबर को इलाके का दौरा किया था। उस दौरान सपाटे ने मंत्री को अपनी व्यथा सुनाई थी और अपने खेत की दयनीय स्थिति की ओर उनका ध्यान आकर्षित किया था।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश