ईटानगर, आठ अक्टूबर (भाषा) अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अरुणाचल प्रदेश में छूटे हुए और नए पात्र युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए पूरे राज्य में विशेष 'मतदाता पंजीकरण अभियान' चलाया जाएगा। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अरुणाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने एक बयान में बताया कि यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) द्वारा एक अक्टूबर को जारी निर्देशों के अनुसार आयोजित किया जा रहा है। राज्य के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर को किया गया था।
बयान के अनुसार, राज्य भर के मतदान केंद्रों पर 'बूथ स्तर के अधिकारियों' (बीएलओ) द्वारा विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य उन पात्र नागरिकों के नाम जोड़ना है जो किसी कारणवश छूट गए थे या जिनका नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान शामिल नहीं हो पाया था।
यह अभियान जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) की देखरेख में 'मतदाता पंजीकरण अधिकारी' (ईआरओ) स्तर पर चलाया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया कि मतदाता पंजीकरण निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और कोई भी पात्र व्यक्ति जिसका नाम अब तक पंजीकृत नहीं हुआ है या सूची से हटा दिया गया है, वह नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे ही मतदाताओं की पहचान कर उनका पंजीकरण आसान बनाना है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश