Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय के पास प्रदर्शन किया, राहुल से माफी मांगने की मांग की

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के डीडीयू मार्ग स्थित कांग्रेस मुख्यालय के पास प्रदर्शन किया और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर एक दिन पहले ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के धरने के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ ‘‘दुर्व्यवहार’’ करने का आरोप लगाते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की।

पुलिस ने आईटीओ चौराहे से कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ रही प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। दिल्ली पुलिस की महिला कर्मियों ने मानव श्रृंखला बनाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोका। बाद में हिंदी भवन के पास प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया। गांधी को बुधवार को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था और बाद में छोड़ दिया गया।

भाजपा की दिल्ली इकाई की महासचिव योगिता सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मंगलवार और बुधवार को हुए कांग्रेस के प्रदर्शनों के दौरान गांधी ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ ‘‘बार-बार दुर्व्यवहार’’ किया।

भाजपा ने आरोप लगाया कि गांधी ने एक महिला कांस्टेबल को ‘‘अनुचित तरीके से छुआ’’ और प्रियंका गांधी वाद्रा ने एक पुलिसकर्मी को ‘‘मुक्का मारा’’। भाजपा ने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं का यह आचरण उनके ‘‘पितृसत्ता को खत्म करो’’ के नारे के विपरीत है।

कांग्रेस ने आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

योगिता सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की जगह है, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों पर हाथ उठाना और उनका अपमान करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को वर्दी का सम्मान करना चाहिए।

महिला मोर्चा की प्रभारी आरती मेहरा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा करने वाली वर्दी का सम्मान नहीं करने वाला व्यक्ति देश की महिलाओं के सम्मान का दावा नहीं कर सकता। उन्होंने कांग्रेस और गांधी से देश से माफी मांगने को कहा।

दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने गांधी के महिला पुलिसकर्मियों से ‘‘दुर्व्यवहार’’ को ‘‘शर्मनाक’’ बताते हुए उनसे माफी की मांग की। प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका जैन और विधायक शिखा रॉय ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।

जैन ने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों से गांधी का ‘‘दुर्व्यवहार’’ कांग्रेस की ‘‘महिला विरोधी मानसिकता’’ को दर्शाता है।

भाषा रंजन नेत्रपाल

नेत्रपाल