जयपुर, आठ अक्टूबर (भाषा) राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बृहस्पतिवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन को सुर्खियां बटोरने के लिए किया गया ‘‘राजनीतिक दिखावा’’ करार दिया और आरोप लगाया कि विपक्षी दल लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
राठौड़ ने कहा कि अगर कांग्रेस को निर्वाचन आयोग से कोई शिकायत थी तो उसके नेताओं को प्रदर्शन करने के बजाय समय लेकर प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोग के अधिकारियों से मुलाकात करनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराने की एक निर्धारित प्रक्रिया है। पांच से सात लोगों का प्रतिनिधिमंडल समय लेकर अपनी शिकायतें रख सकता है। इसके बजाय 300 से 400 लोगों को लेकर प्रदर्शन करना उचित नहीं है।’’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे प्रदर्शन केवल खबरों में बने रहने और यह दिखाने के लिए कर रही है कि वह राजनीतिक रूप से सक्रिय है।
राठौड़ ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक महिला पुलिसकर्मी के प्रति कथित व्यवहार की भी आलोचना की।
उन्होंने दावा किया कि गांधी का व्यवहार उचित नहीं था और जनप्रतिनिधियों से गरिमा एवं मर्यादा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है।
कांग्रेस में एकजुटता के दावों पर सवाल उठाते हुए राठौड़ ने कहा कि उसके नेता केवल तस्वीरें खिंचवाने के लिए एक साथ आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग वास्तव में एकजुट होते हैं, उन्हें बार-बार अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने की जरूरत नहीं पड़ती।’’
राठौड़ ने यह भी आरोप लगाया कि भारत में अस्थिरता पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं और इसमें विदेशी ताकतों की भूमिका हो सकती है तथा कुछ राजनीतिक नेता उनके इशारे पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने लोगों से देश की एकता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के प्रयासों के प्रति सतर्क रहने की अपील की।
भाषा बाकोलिया
संतोष
संतोष