लातूर, आठ अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र में लातूर के एक निजी स्कूल के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य को नाबालिग छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि लातूर के एमआईडीसी पुलिस थाने में चार अक्टूबर को 54 वर्षीय आरोपी बशीर उस्मान शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इसने बताया कि तब से प्रधानाचार्य फरार था।
एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी का पता लगाने के लिए पुलिस के दलों ने बुधवार की रात उदगीर, उमरगा, पुणे, पनवेल और पालघर समेत कई स्थानों पर तलाशी ली।
स्थानीय अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
उप-विभागीय पुलिस अधिकारी समीर सिंह साल्वे ने बताया कि जब शेख को अदालत से वापस जेल ले जाया जा रहा था, तब दो सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उस पर हमला करने की कोशिश की। हालांकि, अदालत परिसर के पास तैनात पुलिसकर्मियों के दल ने हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश