Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

छत्तीसगढ़ : सुकमा में दुर्घटनावश विस्फोट में सीआरपीएफ के चार जवान घायल

सुकमा, आठ अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में बृहस्पतिवार को विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के चार जवान घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना आज देर शाम भेजी थाना क्षेत्र के एलारमडगु सुरक्षा शिविर के पास हुई।

उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन का एक दल जगदलपुर से कोंटा क्षेत्र के अंतर्गत एलारमडगु शिविर में पहुंचा था ताकि अनुपयोगी विस्फोटकों का सुरक्षित रूप से निपटान किया जा सके।

अधिकारी ने बताया कि दल एलारमडगु शिविर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर बोदराजपदर नाला के पास निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जब निपटान प्रक्रिया को अंजाम दे रहा था तभी विस्फोटक का एक टुकड़ा गलती से उछलकर नजदीक जा गिरा और उसमें विस्फोट हो गया।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में सुरक्षा और अभियान के लिए तैनात चार कर्मी घायल हो गए।

उन्होंने कहा कि घायलों की पहचान सहायक उप-निरीक्षक एम के तिवारी, निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक अनीस खान और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि घायल कर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद कोंटा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भाषा सं संजीव शफीक

शफीक