नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले पांच साल में वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़ी बुनियादी संरचनाओं और पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों पर 19,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों पर वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 2,150 से अधिक संरचनाओं का निर्माण किया गया है या उन्हें प्रस्तावित किया गया है।
मंत्रालय के अनुसार, इन संरचनात्मक उपायों के तहत जानवरों के लिए अंडरपास पर करीब 4,600 करोड़ रुपये, ओवरपास पर 650 करोड़ रुपये, वायाडक्ट पर 8,300 करोड़ रुपये, सुरंग पर 2,800 करोड़ रुपये, बड़े पुलों पर 2,500 करोड़ रुपये और छोटे पुलों पर 500 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
बयान में कहा गया कि ये संरचनाएं राजमार्ग गलियारों में वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही में मदद करती हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय