Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

मांडविया शुक्रवार को पैरा निशानेबाजों से मिलेंगे, शिकायतों के समाधान का प्रयास

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) खेल मंत्री मनसुख मांडविया आगामी पैरा एशियाई खेलों के लिये चयन प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार और हेरफेर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पैरा निशानेबाजों से शुक्रवार को मुलाकात करेंगे और उनकी शिकायतों के समाधान का प्रयास करेंगे।

खिलाड़ियों ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) मुख्यालय में प्रदर्शन किया था और बृहस्पतिवार को यहां खेलों के लिये रवाना होने वाले पैरा खिलाड़ियों के विदाई समारोह के दौरान भी अपना विरोध जारी रखा। पैरा एशियाई खेल जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित किये जाएंगे।

मंत्रालय के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने कहा, ‘‘फिलहाल जिस तरह से पैरा निशानेबाजी का संचालन किया जा रहा है, उसमें संस्थागत स्तर पर कई समस्याएं दिखाई देती हैं। मामला केवल एशियाई खेलों तक सीमित नहीं है। मंत्री खिलाड़ियों से मिलकर भ्रष्टाचार सहित उनके द्वारा उठाये गये मुद्दों का समाधान करने का प्रयास करेंगे।’’

भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि टीम का चयन पूरी तरह योग्यता के आधार पर किया गया है।

इस बीच छह पैरा साइकिलिस्टों ने भी बृहस्पतिवार दोपहर साइ मुख्यालय में प्रदर्शन किया। चयन मानदंड पूरा नहीं करने के कारण उन्हें टीम में जगह नहीं मिली है।

हालांकि, उनके प्रदर्शन से कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है क्योंकि खेलों के लिये अंतिम प्रविष्टियां पहले ही जमा की जा चुकी हैं।

केवल पैरालंपियन अरशद शेख को ही खेल मंत्रालय से खेलों में हिस्सा लेने की मंजूरी मिली है। अरशद ने इस साल एशियाई पैरा रोड चैंपियनशिप में नौ खिलाड़ियों में चौथा स्थान हासिल किया था। वह एशियाई पैरा ट्रैक चैंपियनशिप की एक किलोमीटर टाइम ट्रायल स्पर्धा में आठ खिलाड़ियों में पांचवें स्थान पर रहे थे।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता