गढ़वा, आठ अक्टूबर (भाषा) झारखंड के गढ़वा जिले में एक नाबालिग छात्रा के अपहरण और यौन शोषण के आरोप में बृहस्पतिवार को एक स्कूल शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि नाबालिग छात्रा के चाचा की शिकायत पर उच्च विद्यालय के शिक्षक राम करेश राम (30) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक कक्षा 10 की छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसका यौन शोषण किया।
पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी शिक्षक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर गढ़वा जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग छात्रा को चिकित्सकीय जांच और अदालत के समक्ष उसका बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया है।’’
पुलिस के अनुसार, शिक्षक बुधवार को मोटरसाइकिल से छात्रा को गढ़वा ले जा रहा था, तभी ओनखरगड़ा के पास ग्रामीणों ने दोनों को रोक लिया। छात्रा ने स्कूल की वर्दी पहन रखी थी। ग्रामीण शिक्षक को मझिआंव ले आए और उसके साथ मारपीट की।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल शिक्षक को हिरासत में लिया, रेफरल अस्पताल में उसका इलाज कराया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश