फरीदाबाद, आठ अक्टूबर (भाषा) पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित पांच आरोपियों को बृहस्पतिवार तड़के संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद फरीदाबाद के सेक्टर 62 में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि मौके से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई।
फरीदाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने कहा, ‘‘हत्या के मामले में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।’’
पुलिस के अनुसार, साहूपुरा गांव निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मण और उसका भतीजा रविवार रात बल्लभगढ़ इलाके में खाने का सामान लेने गए थे, तभी युवकों के एक समूह ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में लक्ष्मण की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा महेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि आदर्श नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और सोमवार को उंचा गांव निवासी तीन आरोपियों—प्रशांत, नमन और आकाश—को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि अपराध शाखा को बुधवार देर रात सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी सेक्टर 62 में सीवर पाइप के एक गोदाम में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोदाम को घेर लिया और वहां छापा मारा।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस के पहुंचते ही दो संदिग्धों ने भागने की कोशिश की। भागते समय उनमें से एक की पहचान तरुण उर्फ नवीन के रूप में हुई, जिसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर दो गोलियां चलाईं।
पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें तरुण के पैर में गोली लगी। तरुण और उसके साथी जतिन को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने तीन और आरोपियों—रिंकू, अनूप और राजीव—को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
भाषा रंजन अविनाश
अविनाश