नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी को भारत की विविधता एवं जीवंता का प्रतीक बताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को सिर्फ आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि प्रकृति, स्वच्छ हवा, हरित क्षेत्र और नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के मुताबिक, गुप्ता ने यह टिप्पणी कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क के एम्फीथिएटर में ‘प्लांट मंडला रंगोली’ का उद्घाटन करने के बाद की।
उन्होंने कहा कि मंडला रंगोली भारतीय कला और संस्कृति की सुंदर एवं समृद्ध परंपरा का प्रतीक है और इस परंपरा को इस बार जीवित पौधों के माध्यम से साकार किया गया है, जिससे कला और प्रकृति का सुंदर संगम देखने को मिलता है।
गुप्ता ने कहा कि इस ‘रंगोली’ के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ और ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प को भी एक साथ अभिव्यक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा, “दिल्ली केवल देश की राजधानी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों का घर और भारत की विविधता एवं जीवंतता का प्रतीक है। इसलिए विकसित दिल्ली का अर्थ केवल आधुनिक बुनियादी ढांचे और आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं हो सकता। विकसित दिल्ली वह होगी, जहां विकास के साथ प्रकृति, स्वच्छ हवा, हरित क्षेत्र और नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को भी समान महत्व मिले।”
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं प्रदेश भाजपा प्रमुख हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि ‘प्लांट मंडला रंगोली’ भारतीय कला, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम है और जीवित पौधों से तैयार यह अनूठी रचना दिल्ली को हरित और सुंदर बनाने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देती है।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश