Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

झारखंड एसआईआर: अंतिम मतदाता सूची की समय-सीमा 30 नवंबर तक बढ़ाई गई

रांची, आठ अक्टूबर (भाषा) झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूचियों के अंतिम प्रकाशन की समयसीमा बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पहले सात अक्टूबर को होना था, जिसे बाद में बढ़ाकर 19 अक्टूबर किया गया था और अब इसे संशोधित कर 30 नवंबर कर दिया गया है।

कुमार ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) के अनुरोध के बाद झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने जारी एसआईआर प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निर्वाचन आयोग से अतिरिक्त समय मांगा था।

उन्होंने कहा, ‘‘डीईओ को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरे किए जाएं।’’

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, नामों के मिलान न होने और तार्किक विसंगतियों के मामलों में जारी किए गए पहले और दूसरे नोटिस के निपटारे की अंतिम तारीख 22 अक्टूबर है, जबकि सभी दावों और आपत्तियों के डिजिटलीकरण का काम 31 अक्टूबर तक पूरा किया जाना है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख 23 नवंबर है।

निर्वाचन आयोग इससे पहले एसआईआर के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के खिलाफ दावे और आपत्तियां दाखिल करने की समयसीमा बढ़ाकर 30 सितंबर कर चुका है।

एक अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग 10 अक्टूबर को राज्य के प्रत्येक मतदान केंद्र पर शिविर लगाएगा। इसके अलावा 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, ताकि बेसहारा महिलाएं और दिव्यांगजन समेत पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में सहायता मिल सके।

निर्वाचन आयोग ने पांच अगस्त को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की थी, जिसमें 43.61 लाख नाम हटा दिए गए थे।

एसआईआर शुरू होने से पहले राज्य में 2.64 करोड़ मतदाता थे।

भाषा

राखी नरेश

नरेश