Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

मप्र : ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश, तीन महिलाओं समेत पांच गिरफ्तार

देवास, आठ अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश पुलिस ने बृहस्पतिवार को देवास शहर में शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया और तीन महिलाओं व दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में गिरोह द्वारा शादी के नाम पर चार दूल्हों के परिवारों को चूना लगाए जाने के बारे में पता चला है।

बैंक नोट प्रेस थाने की प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रीति सोनवाने (21), लक्ष्मी श्रीनेत (32), कंचन सोनवाने (45), अमर सुतार (32) और रमेश गोस्वामी (65) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि इनमें से चार लोग महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी देवास का निवासी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शादी की आड़ में ठगी के लिए गिरोह में शामिल महिलाएं दुल्हन बनती थीं, जबकि पुरुष सदस्य दूल्हे के परिवार के सामने दुल्हन के रिश्तेदार होने का दिखावा करते थे।

कटारे ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद दुल्हन फरार हो जाती थी और विवाह के नाम पर दूल्हे के परिवार से रकम लेने के बाद गिरोह के अन्य सदस्य भी गायब हो जाते थे।

उन्होंने बताया कि गिरोह का खुलासा देवास जिले की एक बुजुर्ग महिला की शिकायत के बाद हुआ जिसके बेटे की शादी कराने के नाम पर गिरोह ने उनसे 1.50 लाख रुपये ठग लिए थे और शादी के बाद दुल्हन गायब हो गई थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल पता चला है कि गिरोह ने अब तक ऐसी चार वारदात की हैं और विस्तृत जांच जारी है। भाषा हर्ष संतोष

संतोष