Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

भोपाल के न्यू मार्केट में भीषण आग, मंत्री ने अतिक्रमण हटाने पर जोर दिया

भोपाल, आठ अक्टूबर (भाषा) भोपाल के प्रसिद्ध न्यू मार्केट में बृहस्पतिवार दोपहर भीषण आग लग गई जिससे करोड़ों का नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों को आग बुझाने के दौरान अतिक्रमण और संकरी सड़कों के कारण घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दोपहर 3:17 बजे मिली, जिसके बाद 20 दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। आग की लपटें करीब 30 फुट ऊंची उठ रही थीं और धुएं का गुबार लगभग दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।

उन्होंने बताया कि करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

भोपाल नगर निगम के दमकल अधिकारी सौरभ पटेल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अतिक्रमण और भीड़भाड़ के कारण दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत हुई। हम यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि अंगारों या किसी अन्य कारण से आग दोबारा न भड़के।’’

उन्होंने बताया कि आग से तीन करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि आग सबसे पहले ‘बालाजी छोले-भटूरे’ की दुकान में लगी और बाद में पास की कपड़े की दुकान, मोबाइल फोन की दुकान, चार मंजिला बर्तन की दुकान तक फैल गई।

उन्होंने बताया कि छोले-भटूरे की दुकान के अंदर दो एलपीजी सिलेंडर रखे होने की जानकारी सामने आई है।

आशंका है कि सिलेंडरों में विस्फोट होने के बाद आग और विकराल हो गई, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

दुकानदारों ने स्थानीय विधायक एवं राज्य मंत्री विश्वास सारंग के समक्ष अवैध रेहड़ी-पटरी और अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया।

सारंग ने कहा, ‘‘यह घटना एक सबक है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए न्यू मार्केट को जल्द ही अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।’’

भाषा दिमो संतोष

संतोष