देहरादून, आठ अक्टूबर (भाषा) पिछले कुछ दिनों से कैंची धाम तीर्थस्थल पर अत्यधिक भीड़ को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने सप्ताहांत और त्योहारों के दौरान उसके आसपास यातायात जाम को नियंत्रित करने के लिए शटल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी ।
अधिकारियों के मुताबिक, इसके साथ ही, कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चारधाम यात्रा की तरह ही एक पंजीकरण प्रणाली शुरू करने की योजना बनायी जा रही है जिसका प्रस्ताव तैयार कर जल्द पर्यटन सचिव को भेजा जाएगा ।
नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि मानसून के बाद सप्ताहांत के दौरान कैंची धाम सहित कई पर्यटन स्थलों पर अत्यधिक भीड़ देखी गई। रयाल ने कहा कि भीड़ से निपटने के लिए एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं, जिसके तहत इस सप्ताहांत से शटल सेवा शुरू की जाएगी। शटल सेवा के माध्यम से धाम तक बहुत सारे वाहनों की बजाय केवल एक निश्चित संख्या में ही वाहन पहुंचेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को यातायात जाम से मुक्ति मिलेगी और स्थानीय लोगों को भी परेशानी नहीं होगी।”
प्रशासन के मुताबिक, इस साल दो से चार अक्टूबर के बीच कैंची धाम में भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान प्रतिदिन पहुंचने वाले पर्यटकों का आंकड़ा 45,000 पर पहुंच गया, जबकि सामान्यतः प्रतिदिन यह संख्या 20,000-25,000 रहती है।
रयाल ने कहा कि यह सुविधा केवल सप्ताहांत या त्योहारों के दिनों में ही उपलब्ध रहेगी क्योंकि तभी भीड़ बढ़ने की संभावना होती है।
उन्होंने बताया कि यह सेवा भीमताल, भवाली और नैनीताल में विकास भवन स्थित निर्धारित पार्किंग स्थलों से संचालित होगी।
पार्किंग स्थल से शटल सेवा स्थानीय टैक्सी, रोडवेज बस या कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) द्वारा संचालित बसों के माध्यम से शुरू की जाएगी।
रयाल ने कहा कि यह शटल सेवा हर साल जून में आयोजित होने वाले कैंची धाम मेले के दौरान संचालित होती है, लेकिन अब इसे हर सप्ताहांत में शुरू किया जाएगा ।
भाषा दीप्ति
संतोष
संतोष