(मृतक संख्या में बदलाव के साथ रिपीट)
नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के सीमापुरी इलाके में इमारत ढहने की घटना के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को मलबा हटाने का काम जारी रहा वहीं पास के क्षतिग्रस्त ढांचों को सावधानीपूर्वक गिराया जाएगा। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में मृतकों की संख्या चार है।
शाहदरा उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त अमित कुमार ने बताया, 'इमारत ढहने के कारण आसपास की इमारतों को भी आंशिक नुकसान हुआ है। हम फिलहाल मलबा हटा रहे हैं और इसके बाद क्षतिग्रस्त हिस्सों को गिराएंगे। आसपास की इमारतों पर असर न पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए ढांचों को धीरे-धीरे गिराया जाएगा।'
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके के कारण काम सावधानीपूर्वक किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि सफाई कार्य शुक्रवार तक पूरा होने की संभावना है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जिलाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि चार मंजिला इमारत सड़क पर गिर गई थी, जिससे स्थानीय निवासी और राहगीर दोनों प्रभावित हुए।
उन्होंने कहा, 'पास की इमारत को पिछले तीन-चार दिनों से वाइब्रेटिंग मशीनों का इस्तेमाल कर गिराया जा रहा था। इलाके में छोटे प्लॉट और पतली दीवारें होने के कारण इमारतें अक्सर एक-दूसरे को सहारा देती हैं।” उन्होंने कहा कि इमारत ढहने के सटीक कारण का पता मजिस्ट्रेट जांच में चलेगा।
इलाके के आम आदमी पार्टी (आप) विधायक वीर सिंह धींगान ने दावा किया कि स्थानीय लोगों ने सात से आठ लोगों की मौत होने की बात कही है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश
अविनाश
नोमान