इंफाल, आठ अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह को हिंसा प्रभावित राज्य में शांति बहाल करने और विकास को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री सचिवालय के एक बयान में यह जानकारी दी गई।
शाह ने नयी दिल्ली स्थित अपने आधिकारिक आवास पर मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान यह आश्वासन दिया। खेमचंद सिंह ने उन्हें राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार इंफाल-दिमापुर-गुवाहाटी बस सेवा फिर शुरू करने में सफल रही है, जिससे लोगों को राहत मिली है।
उन्होंने राज्य की विभिन्न समस्याओं के समाधान में शाह की मदद और केंद्र से लगातार सहयोग का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने शाह को मणिपुर आने का अपना निमंत्रण दोहराया, जिसे गृह मंत्री ने स्वीकार कर लिया।
शाह ने कहा कि वह इसी महीने राज्य का दौरा करेंगे।
बयान के अनुसार, शाह ने खेमचंद की बात ध्यान से सुनी और मणिपुर में शांति एवं प्रगति लाने तथा लोगों की आकांक्षाएं पूरी करने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
उन्होंने शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए राज्य सरकार के लगातार प्रयासों की भी सराहना की।
भाषा
राखी नरेश
नरेश