गुवाहाटी, आठ अक्टूबर (भाषा) असम के गुवाहाटी शहर स्थित अपने घर लौटने के लिए दो दिन पहले ट्रेन में चढ़ने के बाद लापता हो गई यहां की एक कॉलेज छात्रा का शव आंध्र प्रदेश में एक रेलवे पटरी के पास बरामद हुआ है। मृतका के परिजनों ने बृहस्पतिवार को इसे हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, एक नृत्य समूह के साथ आंध्र प्रदेश गई छात्रा छह अक्टूबर को रात लगभग 12:15 बजे विशाखापट्टनम स्टेशन से ट्रेन में सवार हुई थी। उसे स्टेशन छोड़ने एक स्थानीय परिचित गया था। स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में वह अपने दोस्त के साथ और बाद में अन्य यात्रियों के बीच बोगी में चढ़ती हुई दिख रही है।
गुवाहाटी के बोंडा इलाके की रहने वाली और स्थानीय कॉलेज की छात्रा एक नृत्य प्रतियोगिता के लिए विशाखापट्टनम गई थी। गुवाहाटी में परीक्षा होने के कारण वह अन्य सदस्यों से पहले अकेले ही वापस लौट रही थी।
मृतका की भाभी ने बताया, 'ट्रेन में चढ़ने के बाद उसने मुझे और अपनी एक सहेली को फोन किया था। उसने बताया कि उसे डिब्बे में असुरक्षित महसूस हो रहा है, क्योंकि आसपास शराब के नशे में धुत पुरुष मौजूद थे।'
संपर्क टूटने से पहले तड़के ढ़ाई से तीन बजे के बीच उसने अपनी सहेली को डिब्बे के अंदर का एक वीडियो भी भेजा था।
परिजनों ने रेलवे हेल्पलाइन पर संपर्क कर ट्रेन का विवरण साझा किया था, जिस पर अधिकारियों ने रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) को जांच के लिए भेजने का आश्वासन दिया था।
हालांकि, बाद में सुरक्षा को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली और छात्रा का शव आंध्र प्रदेश में ही पटरियों के पास से मिला, जबकि उसके दो बैग डिब्बे के भीतर सुरक्षित मिले हैं।
परिजनों ने आरपीएफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।
वहीं, पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे स्थानीय डिमोरिया विधायक तपन दास ने कहा कि राज्य सरकार शव को वापस लाने की व्यवस्था कर रही है और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द से जल्द शव गुवाहाटी लाया जाएगा।
भाषा सुमित नरेश
नरेश