Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

केंद्रीय मंत्री रीजीजू ने सियांग परियोजना से जुड़ी चिंताओं के हल के लिए बातचीत का आह्वान किया

ईटानगर, आठ अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को प्रस्तावित ‘सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट’ (एसयूएमपी) का विरोध कर रहे लोगों और सरकार के बीच बातचीत का आह्वान करते हुए कहा कि स्थानीय समुदायों की चिंताओं और आशंकाओं का समाधान आपसी समझ और सम्मानजनक बातचीत के जरिए ही किया जा सकता है।

अरुणाचल पश्चिम लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले रीजीजू ने कहा कि किसी तरह की जबरदस्ती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकार के प्रतिनिधियों और मूल निवासी समुदायों के वरिष्ठ सदस्यों से एक साथ बैठकर आगे का रास्ता निकालने का आग्रह किया।

केंद्रीय संसदीय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रीजीजू ने पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर हम बैठकर बात करें, तो सब कुछ साफ हो जाएगा। हमें बात करनी होगी। हमें बातचीत के जरिए ही आगे बढ़ना होगा।’’

उन्होंने कहा कि इस मामले को केवल परियोजना के समर्थन या विरोध के नजरिए से नहीं बल्कि क्षेत्र और वहां के लोगों के भविष्य के नजरिए से देखा जाना चाहिए।

मंत्री ने कहा, ‘‘हम पक्ष या विपक्ष नहीं देखते, हम भविष्य देखते हैं।’’

उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को समाज के वरिष्ठ सदस्यों के साथ संवाद करना चाहिए और मिलकर आगे बढ़ना चाहिए।

रीजीजू का यह बयान सियांग क्षेत्र के लोगों की ओर से प्रस्तावित बड़ी जलविद्युत परियोजना का लगातार विरोध किए जाने के बीच आया है। इन लोगों ने इसका अपनी पारंपरिक जीवनशैली पर संभावित असर, विस्थापन, पर्यावरण को नुकसान और भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में इतनी बड़ी परियोजना के निर्माण से जुड़े खतरों को लेकर चिंता जताई है।

भाषा प्रचेता पवनेश

पवनेश