नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने शारजाह से आए एक यात्री के जूतों से कथित तौर पर 300 ग्राम से अधिक सोने का पेस्ट बरामद किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना छह अक्टूबर की शाम को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर हुई।
उनके अनुसार, जब्त किए गए सोने की कीमत करीब 37 लाख रुपये आंकी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि यह व्यक्ति शारजाह से आया था और जयपुर जाने वाली घरेलू उड़ान के लिए सुरक्षा जांच करवा रहा था। इसी दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने उसे अपने जूते 'एक्स-रे' मशीन में रखने को कहा।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान उसके जूतों के निचले हिस्से में कुल 319 ग्राम सोने का पेस्ट छिपा हुआ मिला। यात्री को जांच के लिए सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश