Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

राष्ट्रमंडल क्यू खेल चैंपियनशिप के पहले दिन पारस और ध्वज ने की भारतीय चुनौती की अगुआई

अहमदाबाद, आठ अक्टूबर (भाषा) पारस गुप्ता और ध्वज हारिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रमंडल क्यू खेल चैंपियनशिप के शुरुआती दिन भारतीय खिलाड़ियों के मजबूत प्रदर्शन की अगुवाई की जब विभिन्न स्पर्धाओं में कई भारतीय खिलाड़ियों ने अगले दौर में जगह बनाई।

पुरुषों के हेबॉल में पारस ने समोआ के रिवेलेशन टैगालोआ को 8-3 से हराया जबकि उजैर खान ने हुसैन अब्दुल्ला पर 9-4 की जीत दर्ज की।

पारस का अगला मुकाबला क्रेग ब्राउन से होगा जिन्होंने अजीम बकार को 9-2 से हराया। खान की भिड़ंत वीर सावरकर खेल परिसर में टैन झोंग वेई से होगी।

पुरुष स्नूकर में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। ध्वज ने आइल ऑफ मैन के क्रिस डैगनल को 3-0 से हराया जबकि लक्ष्मण सिंह रावत ने ऑस्ट्रेलिया के डेविड राइट को कड़े मुकाबले में 3-2 से शिकस्त दी।

महिला स्पर्धाओं में स्नूकर में स्नेन्थरा बाबू ने नताशा केंट को 3-1 से हराया, जबकि श्रुति लक्ष्मीनारायणन ने ऑस्ट्रेलिया की जेसिका वुड्स पर 3-1 से जीत दर्ज की।

महिला बिलियर्ड्स में अनुपमा रामचंद्रन ने भी चिम्बा चिम्फवेम्बे को हराकर अपने अभियान की जीत के साथ शुरुआत की।

भारतीय खिलाड़ियों ने 10 बॉल और बिलियर्ड्स में भी जीत दर्ज की। पुरुषों के 10 बॉल में लालरिना रेंथलेई ने केली याम्बी को 9-3 से हराया जबकि दिव्या शर्मा ने डार्सी मैकगिनली के खिलाफ जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया।

पुरुष बिलियर्ड्स में सिद्धार्थ पारिख ने क्लाइव मार्श को हराया। महिला ब्लैकबॉल में जियाना रेगो ने थापेलो मोथाते को 5-2 से शिकस्त दी।

महिला हेबॉल में जिया सहगल को एग्नेस किमुरा के हाथों 2-4 से हार मिली जबकि विद्या पिल्लई दक्षिण अफ्रीका की मरीना जैकब्स से 2-7 से हार गईं। इंग्लैंड की केली फिशर ने मॉरीशस की वैष्णवी जुगनारायण को 7-1 से हराया।

पुरुष ब्लैकबॉल में चेतन छाबड़ा और आरव संचेती को क्रमश: रवांडा के फ्रेडरिक नगाबोइसोंगा और ली शेफर्ड से हार का सामना करना पड़ा।

महिला 10 बॉल में भी भारत की सान्वी शाह को सिंगापुर की अनरान यू ने 7-1 से हराया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता