सुरेंद्रनगर (गुजरात), आठ अक्टूबर (भाषा) गुजरात के सुरेंद्रनगर में युवा महिलाओं को उनके निजी फोटो और वीडियो, छिपे कैमरों से रिकार्ड कर ब्लैकमेल और वसूली करने के आरोप में 34 वर्षीय जिम संचालक आमिन मुल्तानी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रेमसुख डेलू ने बताया कि सबूत नष्ट किए जाने की आशंका के चलते महिला पुलिसकर्मियों ने जिम की सदस्य बनकर गुप्त अभियान चलाया और इसके बाद छापा मारा।
पुलिस ने जिम से पांच मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, 70 बैंक चेक, नौ आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस को एक गुमनाम पत्र से कथित अवैध गतिविधियों की जानकारी मिली थी।
डेलू ने बताया कि आरोपी महिलाओं को चेंजिंग रूम में कैमरे लगे होने और उनके फोटो-वीडियो बनाए जाने की धमकी देकर अपनी कथित मांगें मनवाता था। हालांकि, फोरेंसिक टीम को चेंजिंग रूम में कोई कैमरा नहीं मिला।
पुलिस बरामद फोटो-वीडियो की फोरेंसिक जांच करा रही है ताकि पता चल सके कि वे वास्तविक हैं या उनमें छेड़छाड़ की गई है। जिम कथित तौर पर बिना जरूरी अनुमति के चल रहा था, इसलिए नगर निकाय ने परिसर सील कर बिजली कनेक्शन काट दिया है। आरोपी पर जबरन वसूली, महिला से अभद्रता, यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा राखी नरेश
नरेश