Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

हूती विद्रोहियों ने सऊदी की राजधानी में हवाई अड्डे पर नये हमले की जिम्मेदारी ली

काहिरा, आठ अक्टूबर (एपी) सऊदी अरब की राजधानी रियाद में बृहस्पतिवार को कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई, जिनमें शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुआ एक जोरदार विस्फोट भी शामिल है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को यह जानकारी दी।

इससे एक दिन पहले सऊदी अरब ने कहा था कि हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए।

पड़ोसी देश यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नए हमले की जिम्मेदारी ली और कहा कि बैलिस्टिक मिसाइल से नुकसान हुआ है, लेकिन इसके समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।

सऊदी अधिकारियों ने इस दावे पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

हूतियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी नीत गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि उन्होंने रियाद की ओर हूतियों द्वारा दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को बीच में ही रोककर नष्ट कर दिया।

उन्होंने बताया कि यमन की सीमा के निकट दक्षिण-पश्चिम में स्थित खमिस मुशैत की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को भी रोककर नष्ट कर दिया गया।

विस्फोटों के कुछ ही देर बाद बृहस्पतिवार दोपहर ‘फ्लाइटराडार24’ ने ‘एक्स’ पर कहा कि किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को ‘‘फिर से बंद’’ कर दिया गया है।

एपी

देवेंद्र नरेश

नरेश