Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

एसआरएफटीआई में छात्रों का कक्षाओं का बहिष्कार 10वें दिन भी जारी, सुरक्षा की मांग पर अड़े

कोलकाता, आठ अक्टूबर (भाषा) सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआई) में बेहतर सुरक्षा की मांग को लेकर छात्रों और संस्थान प्रशासन के बीच गतिरोध बृहस्पतिवार को भी जारी रहा और छात्रों ने लगातार 10वें दिन कक्षाओं का बहिष्कार किया।

एसआरएफटीआई छात्र संघ के महासचिव नचिकेत ने पीटीआई-भाषा से कहा कि चार अक्टूबर को परिसर के मुख्य द्वार पर बांगिया हिंदू जागरण मंच की रैली के बाद छात्रों पर कथित तौर पर पथराव और बोतलें फेंके जाने के मामले में अब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि दबाव के बावजूद छात्र अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि कक्षाओं में नहीं लौटने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और शैक्षणिक करियर प्रभावित होने की चेतावनी दी गई है। संस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हालांकि कहा कि अधिकतर छात्र कक्षाओं का बहिष्कार कर रहे हैं, जबकि कुछ ने बृहस्पतिवार से कक्षाएं शुरू कर दीं।

यह गतिरोध 27 सितंबर से परिसर में हुई हिंसा की घटनाओं के बाद शुरू हुआ। छात्रों ने हिंदू जागरण मंच के सदस्यों पर हमले का आरोप लगाया है।

छात्र संघ ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर परिसर के प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त सुरक्षा, पुलिस-प्रशासन के बेहतर समन्वय और 27 सितंबर की घटना पर कोलकाता पुलिस की एसआईटी रिपोर्ट में पारदर्शिता की मांग की है।

भाषा

राखी सुरेश

सुरेश